Breaking News

बहेड़ी: संपूर्ण समाधान दिवस पर भाकियू (भानू) का ज्ञापन, केसर शुगर मिल के 144 करोड़ गन्ना बकाया भुगतान की मांग।

संपूर्ण समाधान दिवस पर भाकियू (भानू) का ज्ञापन, केसर शुगर मिल के 144 करोड़ गन्ना बकाया भुगतान की मांग।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। बहेड़ी स्थित केसर शुगर मिल पर किसानों का पिछले पेराई सत्र का लगभग 144 करोड़ रुपये का गन्ना बकाया अब तक लंबित होने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसको लेकर संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए 19 जनवरी 2026 को गन्ना समिति बहेड़ी पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान मिल प्रबंधन की ओर से 31 दिसंबर 2025 तक संपूर्ण बकाया भुगतान किए जाने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन 17 जनवरी 2026 तक भी किसानों के खाते में भुगतान नहीं पहुंचा। इससे मिल प्रबंधन की नीयत और गंभीरता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ज्ञापन में साफ शब्दों में कहा गया है कि यदि 19 जनवरी तक किसानों का गन्ना बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन (भानू) को अनिश्चितकालीन और विशाल धरना-प्रदर्शन शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। धरने से उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की स्थिति की पूरी जिम्मेदारी मिल प्रबंधन और प्रशासन की होगी।

किसानों का कहना है कि गन्ना भुगतान न मिलने से वे बैंक ऋण चुकाने, बच्चों की फीस जमा करने और घरेलू जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हो रहे हैं। लंबे समय से भुगतान अटका होने के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उनकी स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।

प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से किसानों की नाराजगी और बढ़ गई है। ऐसे में 19 जनवरी को प्रस्तावित आंदोलन को लेकर प्रशासन और मिल प्रबंधन की भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

 

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!