Breaking News

सहसवान: लेखपालों की मनमानी से किसान परेशान, भाकियू ने तहसील में धरना देकर एसडीएम को सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन।

लेखपालों की मनमानी से किसान परेशान, भाकियू ने तहसील में धरना देकर एसडीएम को सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे

सहसवान, बदायूं। तहसील क्षेत्र में लेखपालों की कथित मनमानी और भ्रष्टाचार से परेशान किसान वर्ग ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला अध्यक्ष रमाशंकर शंखधार के नेतृत्व में तहसील परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम साईं आश्रित शाखमुरी को 8 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रमाशंकर शंखधार ने कहा कि तहसील सहसवान के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम सभाओं के सचिवालयों पर सचिव, राजस्व लेखपाल व संबंधित कर्मचारी सप्ताह में कम से कम एक दिन अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और उसी दिन अपनी उपस्थिति सचिवालय रजिस्टर में दर्ज करें। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील में लेखपालों द्वारा रिश्वत लेने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का पोषाहार वितरण न होकर उसे बाजार में बेचे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। सरकारी क्रय केंद्रों पर भी भारी अनियमितताएं चल रही हैं, जहां प्रभारी द्वारा किसानों का शोषण किया जा रहा है तथा अन्य जनपदों से धान और बाजरा खरीदकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

किसान नेता ने कहा कि तहसील प्रशासन द्वारा किसानों के अभिलेखों में गलत अंश दर्ज कर दिए गए हैं, जिनका शीघ्र सुधार होना चाहिए। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की फाइलें तहसील और नगर पालिका में धूल फांक रही हैं, जिससे पात्र गरीब लोग वर्षों से परेशान हैं। आरोप लगाया कि आवास योजना में सुविधा शुल्क लिया जा रहा है और फाइलें जिला मुख्यालय तक नहीं भेजी जा रहीं।

दहगवां ब्लॉक में सचिवों द्वारा मनमानी किए जाने, जन्म प्रमाण पत्र न बनाए जाने से आम जनता को हो रही परेशानियों का भी मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही लेखपालों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा गया कि उनकी मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रमाशंकर शंखधार ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भाकियू उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मौके पर जिला सचिव रन सिंह उर्फ पप्पू यादव, जिला उपाध्यक्ष फहीम खान, जिला प्रवक्ता शाहिद अली, ब्लॉक अध्यक्ष हसरत अली, नगर अध्यक्ष शाहरुख खान, मसर्रत अली सहित सैकड़ों की संख्या में किसान एवं भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!