Breaking News

बलरामपुर में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 49.15 ग्राम स्मैक के साथ चार गिरफ्तार, कार व तराजू बरामद।

बलरामपुर में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 49.15 ग्राम स्मैक के साथ चार गिरफ्तार, कार व तराजू बरामद।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम ने 49.15 ग्राम स्मैक के साथ तीन अभियुक्तों और एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट डिजायर कार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कोतवाली देहात पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेखुईया तिराहा के पास मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बहराइच की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और विधिवत तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार के अंदर से 49.15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला, जिससे स्मैक की तौल की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने कार सवार चारों लोगों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन पुत्र शकील, मोहम्मद अहमद पुत्र मोहम्मद हुसैन, वसीम उर्फ मिट्टी का तेल पुत्र जमील तथा सबा परवीन पत्नी वसीम के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद बहराइच के थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे स्मैक को बहराइच से लाकर बलरामपुर में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने चारों के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!