Breaking News

जागेश्वरनाथ मंदिर के पास दिखा मगरमच्छ, इलाके में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी।

जागेश्वरनाथ मंदिर के पास दिखा मगरमच्छ, इलाके में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी।

शैलेश सिंह, संवाददाता 

चंदौली। चकिया क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ मंदिर परिसर के समीप करीब आठ फीट लंबे मगरमच्छ की मौजूदगी सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। बरसात के मौसम में जलाशयों का जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ आबादी वाले इलाकों की ओर निकल रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हालिया बारिश के कारण चंद्रप्रभा डैम, तालाबों और नहरों का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकलकर मंदिर परिसरों, घाटों और रिहायशी इलाकों की ओर पहुंच जाते हैं, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है और खतरा बढ़ जाता है।

डिप्टी रेंजर आनंद दुबे ने बताया कि मंदिर परिसर के पास दिखाई दिया मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ था। वन विभाग की टीम ने सतर्कता बरतते हुए उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर चंद्रप्रभा डैम में छोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए मंदिर परिसर सहित आसपास के जलस्रोतों पर नियमित गश्त की जाएगी।

स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर के पास चेतावनी बोर्ड लगाए जाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मगरमच्छ की मौजूदगी देखी जा रही थी, जिससे लोग भयभीत थे और किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।

वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो स्वयं पकड़ने या उसके नजदीक जाने का प्रयास न करें। तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

घटना के बाद प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

Spread the love

Check Also

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, एक लाख की नगदी और जेवरात पर किया हाथ साफ।

बिल्सी: दीननगर शेखपुर में घर में घुसे चोर, 1 लाख की नगदी और जेवरात पर …

error: Content is protected !!