Breaking News

चन्दौली: बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस का विरोध मार्च, पुलिस अधीक्षक से इस्तीफे की मांग।

बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस का विरोध मार्च, पुलिस अधीक्षक से इस्तीफे की मांग।

संवाददाता – अभिषेक सिंह

चन्दौली। जनपद चंदौली में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। विरोध मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया, जिसके बाद यह कार्यक्रम धरना और प्रदर्शन में तब्दील हो गया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में जनपद चंदौली में जघन्य अपराधों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा कि रोहिताश पाल सहित एक दर्जन से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास और छह वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या की घटनाओं ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।

देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधीक्षक जिले की कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग करने के बजाय उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

वहीं धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि अपराधियों ने चंदौली को अपना चारागाह बना लिया है और पुलिस महकमा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह असफल है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के थाने जनता को न्याय दिलाने के बजाय धन उगाही के केंद्र बनते जा रहे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण वे बेखौफ होकर जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिले की कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी आंदोलन तेज करेगी और जनता को इस अराजक स्थिति से मुक्ति दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …