Breaking News

शाहजहांपुर: रेलवे क्रॉसिंग पर दर्दनाक हादसा, पति-पत्नी और दो मासूमों समेत पांच की मौत।

रेलवे क्रॉसिंग पर दर्दनाक हादसा, पति-पत्नी और दो मासूमों समेत पांच की मौत।

मुबारक अली | संवाददाता

शाहजहांपुर (यूपी)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में बुधवार शाम एक हृदय विदारक रेल हादसे में पति-पत्नी, उनके दो मासूम बच्चों और एक रिश्तेदार की दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा निगोही थाना क्षेत्र के रौजा रेलवे स्टेशन अंतर्गत अटसलिया रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ।

जानकारी के अनुसार सेठपाल (32 वर्ष) अपनी पत्नी पूजा (26 वर्ष), डेढ़ वर्षीय पुत्र सूर्य, चार वर्षीय पुत्री निधि तथा अपने साले हरिओम (26 वर्ष) निवासी गांव बनका, थाना उचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी के साथ एक ही बाइक से रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 6:10 बजे बरेली से लखनऊ की ओर जा रही सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस की चपेट में आ गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रेन के इंजन में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को रोककर इंजन में फंसे बाइक के हिस्सों को बाहर निकलवाया। लगभग 30 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जा सका।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि जीआरपी द्वारा हादसे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!