Breaking News

चन्दौली: 16 दिन बाद भी गिरफ्त से दूर शूटर, रोहिताश पाल हत्याकांड पर फूटा आक्रोश — व्यापारियों ने SP से की कड़ी शिकायत।

16 दिन बाद भी गिरफ्त से दूर शूटर, रोहिताश पाल हत्याकांड पर फूटा आक्रोश — व्यापारियों ने SP से की कड़ी शिकायत।

राजन सिंह 

चंदौली। दवा व्यापारी रोहिताश पाल हत्याकांड को 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य शूटरों की गिरफ्तारी न होने से जिले में आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। गुरुवार को राष्ट्र उदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी आदित्य लांघे को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई तेज करने की मांग की।

ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान कराने के अलावा 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। स्थानीय व्यापारी वर्ग का कहना है कि इस दर्दनाक घटना ने पूरे जिले में असुरक्षा की भावना को जन्म दे दिया है।

हत्याकांड में एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है—रोहिताश पाल ने 24 मार्च को ही पुलिस को लिखित शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया था। शिकायत में धमकी देने वालों के नाम भी दर्ज थे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों का कहना है कि यदि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद यह घटना टल सकती थी।

एसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि 16 दिन बाद भी शूटरों का कोई सुराग न मिलना बेहद चिंताजनक है। व्यापारी वर्ग का आरोप है कि पुलिस केवल साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी दिखाकर औपचारिकता निभा रही है, जबकि असली शूटर और घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति अब तक आज़ाद घूम रहा है।

व्यापारियों का कहना है कि जिले में यह चर्चा आम है कि या तो पुलिस मास्टरमाइंड तक पहुंच नहीं पा रही, या फिर जानबूझकर अनजान बनी हुई है। क्राइम ब्रांच के पास भी अब तक शूटरों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ रहा है।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने कहा कि जांच को और तेज किया गया है और शूटरों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!