Breaking News

धान खरीद विवाद गहराया: शिकायतकर्ता किसान पर भी जांच की तलवार।

धान खरीद विवाद गहराया: शिकायतकर्ता किसान पर भी जांच की तलवार।

मोहम्मद वसीम

बरेली। बहेड़ी मंडी में पिछले दिनों सहायक विपणन निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद धान खरीद मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। जिस किसान की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई थी, वही किसान बुधवार देर शाम अपनी धान की ढेरी को चुपचाप कट्टों में भरकर मंडी से हटाने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि किसान सुनील कुमार के नाम पंजीकरण में सिर्फ 2 क्विंटल 98 किलो धान की खरीद दर्ज है, जबकि मंडी परिसर में उसके नाम का करीब 100 क्विंटल धान रखा मिला। भारी अंतर पर अधिकारियों ने जब किसान से पूछताछ की, तो वह धान के वास्तविक स्रोत के बारे में स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।

मौके पर तहसीलदार भानु प्रताप, एडीसीओ, मंडी सचिव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। किसान ने दावा किया कि धान उसके खेत का है, लेकिन जांच में पाया गया कि उसके खेत का रकबा इतनी मात्रा में धान उत्पादन के अनुकूल नहीं है। इस पर राजस्व विभाग की टीम किसान के गांव जाकर खेत का भौतिक सत्यापन करेगी।

जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि धान खरीद के पीछे पास के एक व्यापारी की भूमिका संदिग्ध है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यापारी पर पहले फायरिंग के मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है, जिससे अधिकारियों की शंका और मजबूत हो गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में फर्जी खरीद की पुष्टि होती है, तो किसान के साथ-साथ संबंधित व्यापारी पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी बिचौलिए या फर्जी लेन-देन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खरीद केवल असली किसानों से ही सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों के अनुसार आने वाले समय में बड़ा खुलासा हो सकता है।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!