Breaking News

बलरामपुर एसपी कार्यालय के बाहर फूट-फूटकर रोया व्यक्ति, बच्चों संग गुहार का वायरल वीडियो बना सवालों का विषय।

बलरामपुर एसपी कार्यालय के बाहर फूट-फूटकर रोया व्यक्ति, बच्चों संग गुहार का वायरल वीडियो बना सवालों का विषय।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद में एक बेहद भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अपने दो छोटे बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर फूट-फूटकर रोता दिखाई दे रहा है। यह दृश्य न केवल दिल दहला देने वाला है, बल्कि इसने पुलिस की संवेदनशीलता और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में दिखाई देता है कि एसपी कार्यालय से बाहर आते समय किसी ने उस व्यक्ति से पूछा कि वह क्यों रो रहा है। इतना सुनते ही वह जोर-जोर से रोने लगता है और कहता है, “मेरी किस्मत ही खराब है, अब सीमा से बाहर हो चुका है…” उसके साथ खड़े दोनों मासूम बच्चे भी रो रहे हैं, जिससे यह दृश्य और भी दर्दनाक दिखाई देता है।

व्यक्ति का आरोप है कि उसके मोहल्ले में शराब और गांजा पीने वाले कुछ लोग आए दिन हंगामा करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और उनका परिवार लंबे समय से भय के माहौल में जी रहा है। वह कई बार पुलिस से शिकायत कर चुका है, लेकिन उसकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसके मुताबिक, देर रात तक घर के बाहर शराबियों और उत्पाती लोगों का शोर-गुल बढ़ता जा रहा है, जिससे बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर वह बेहद परेशान है। न्याय की उम्मीद में वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा था, लेकिन उसकी बात सुनने के बाद उसे सिर्फ आपसी समझौता कर लेने की सलाह देकर वापस भेज दिया गया। बाहर आकर वह पूरी तरह से टूट गया और रोते हुए बोला कि अगर पुलिस कार्रवाई करती तो इन लोगों की आदत सुधर जाती, लेकिन हर बार समझौता करवाने से उसका ही खतरा बढ़ रहा है।

वीडियो के वायरल होने के बाद लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि जब एक पीड़ित व्यक्ति बच्चों को लेकर एसपी कार्यालय तक पहुँचे और फिर भी उसे राहत न मिले, तो आखिर वह जाए कहाँ। फिलहाल इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर लगातार यह मांग उठ रही है कि उत्पाती तत्वों पर तुरंत कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी जाए।

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!