Breaking News

सड़क पर तड़पता रहा घायल युवक, पुलिस और चिकित्सकों की लापरवाही से गई जान।

एसपी ने पूरे मामले की जांच के दिए निर्देश।

संवाददाता – शैलेश सिंह

चंदौली। जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम हुई एक दर्दनाक घटना ने पुलिस और चिकित्सा व्यवस्था की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर दिए। 20 वर्षीय युवक करन यादव, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ और समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मारुति नगर निवासी संजय यादव का पुत्र करन यादव वाराणसी से घर लौट रहा था। इसी दौरान दुलहीपुर FCI गोदाम के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घायल युवक सड़क किनारे तड़पता रहा, लेकिन मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।

सूचना मिलने पर डायल 112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुँची, परंतु आरोप है कि सरकारी वाहन होते हुए भी घायल को अस्पताल न ले जाकर पुलिसकर्मी ऑटो रुकवाते रहे। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायल को टोटो से राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने के बाद भी लापरवाही जारी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चिकित्सक और कर्मचारी घायल को स्ट्रेचर देने के बजाय टालमटोल करते रहे। साथी युवक आशीष चौहान ने जब मदद मांगी, तो उसे फटकार कर भगा दिया गया। बाद में एक यातायात कर्मी के हस्तक्षेप से घायल को इमरजेंसी में ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। वहीं, चंदौली एसपी आदित्य लांघे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पूरा प्रकरण जांच के अधीन है और दोषी पुलिसकर्मियों व अस्पताल कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!