Breaking News

बदायूं में सामूहिक विवाह समारोह में 295 जोड़े बने हमसफर, 14 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह।

बदायूं में सामूहिक विवाह समारोह में 295 जोड़े बने हमसफर, 14 मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह।

बदायूं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को स्थानीय पूनम लॉन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 281 हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जबकि 14 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इस तरह कुल 295 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में उत्साह देखने को मिला।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पर हरिबोल महाराज की कृपा बनी रहे। उन्होंने बेटियों से ससुराल में सभी का सम्मान करने और परिवार का ख्याल रखने की बात कही। साथ ही उन्होंने नवविवाहित युवकों से भी अपनी जीवनसंगिनी के साथ उसके मायके पक्ष को सम्मान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अनेक जोड़े अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने सभी नवविवाहित दंपतियों को बधाई देते हुए उनके जीवन में प्रेम, विश्वास, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उन परिवारों को भी शुभकामनाएं दीं, जिन्होंने इस योजना के माध्यम से अपने बच्चों का विवाह संपन्न कराया।

एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के लिए एक लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान है। इसमें 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री, 15 हजार रुपये आयोजन पर व्यय और शेष 64 हजार रुपये की धनराशि वधू के खाते में जमा की जाती है।

समारोह के अंत में प्रतीकात्मक रूप से कुछ नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र और उपहार सामग्री वितरित की गई। अतिथियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पीडी डीआरडीए सतेंद्र सिंह, डीसी एनआरएलएस रवि प्रकाश, ब्लॉक प्रमुख कादरचौक वीरेंद्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख अंबियापुर रेखारानी, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह ने किया।

 

 

Spread the love

Check Also

बिसौली के बड़ा मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई शरद पूर्णिमा।

बिसौली के बड़ा मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई शरद पूर्णिमा। आई …