Breaking News

सड़क चौड़ीकरण से बिगड़ी जल निकासी व्यवस्था, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार।

सड़क चौड़ीकरण से बिगड़ी जल निकासी व्यवस्था, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार।

घूरेलाल कन्नौजिया, संवाददाता 

चन्दौली (बबुरी)। सड़क चौड़ीकरण कार्य के चलते जल निकासी बाधित होने से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत को मौके पर जांच कर संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार नगई, नवाबपुर और दूदे गांवों में पहले से बनी सड़क में जल निकासी के लिए “छलक” व्यवस्था थी, जिससे बरसात का पानी आसानी से निकल जाता था। लेकिन हाल ही में पीडब्ल्यूडी द्वारा चकिया-मुगलसराय मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान इस छलक को करीब आठ फीट मिट्टी डालकर पाट दिया गया है, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।

बताया गया कि बीते वर्ष सितंबर-अक्टूबर में चंद्रप्रभा नदी में आई बाढ़ के दौरान इस क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी भर गया था, जिससे मार्ग बंद करना पड़ा था और नगई, नवाबपुर व दूदे गांवों के कई घरों में पानी घुस गया था। कई कच्चे मकान गिर गए थे और ग्रामीणों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी, वहीं किसानों की फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में भी यदि पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। लगभग 40 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न होने का खतरा है और गांवों में दोबारा पानी भर सकता है।

यह भी आरोप है कि नाले के पूर्वी हिस्से में एक किसान द्वारा अवैध रूप से नाला पाटकर खेती की जा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। वहीं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और ठेकेदार द्वारा पुलिया निर्माण के लिए तीन दिन का समय मांगा गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि जल निकासी सुचारु हो सके और किसानों की फसल व ग्रामीणों के घरों को संभावित बाढ़ से बचाया जा सके।

पत्र देने वालों में बबुरी, नवाबपुर, नगई और दूदे गांवों के कई किसान शामिल रहे, जिन्होंने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील की है।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!