Breaking News

उझानी: हस्तकरघा परंपरा सांस्कृतिक चेतना और आत्मनिर्भरता की प्रतीक – रवि जी समदर्शी। 

उझानी: हस्तकरघा परंपरा सांस्कृतिक चेतना और आत्मनिर्भरता की प्रतीक – रवि जी समदर्शी। 

संवाददाता, हिमांशु शाक्य

उझानी, बदायूं। स्थानीय क्षेत्र के ‘मेरे राम आश्रम’ में रविवार को आयोजित हैंडलूम उत्सव के दौरान वक्ताओं ने भारतीय हस्तकरघा परंपरा, स्वदेशी उत्पादों के महत्व और आत्मनिर्भरता पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक और शिवभक्त उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रवि जी समदर्शी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय हस्तकरघा परंपरा हमारी सनातन सांस्कृतिक चेतना, शिल्प-कौशल और श्रम-साधना की अनुपम अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हथकरघे पर तैयार होने वाले वस्त्र केवल परिधान नहीं हैं, बल्कि यह पीढ़ियों से चली आ रही कला, परंपरा और सृजनशीलता के जीवंत दस्तावेज हैं।

रवि जी ने स्वदेशी अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय बुनकरों और शिल्पकारों को बढ़ावा देकर उनकी आजीविका को मजबूत किया जा सकता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वदेशी का आग्रह राष्ट्रहित, सांस्कृतिक अस्मिता और आर्थिक स्वाभिमान से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर व्यक्ति को अपनी दैनिक आवश्यकताओं में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रम को साधना, स्वावलंबन को जीवन-मूल्य और लोकमंगल को परम ध्येय माना गया है। हस्तकरघा उद्योग न केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाता है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी रीढ़ प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना मात्र एक खरीदारी नहीं है, बल्कि यह बुनकरों, श्रमिकों और कारीगरों के परिश्रम के प्रति सच्चा सम्मान है।

स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता मिलने से वित्तीय संसाधन स्थानीय स्तर पर ही बने रहेंगे और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से आग्रह किया कि स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करें।

कार्यक्रम के समापन पर समाजसेवी आदित्य गुप्ता और देवेंद्र पाल ने गायत्री मंत्र का पटका पहनाकर मुख्य वक्ता रवि जी समदर्शी महाराज का स्वागत और सम्मान किया। इस गरिमामयी आयोजन के दौरान सौम्या शर्मा और हेमंत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश। बदायूं। बदायूं …