Breaking News

अमांपुर में मूसलाधार बारिश से फसलें जलमग्न: राहत और मुआवजे की मांग को लेकर विधायक हरिओम वर्मा का जिलाधिकारी को पत्र।

अमांपुर में मूसलाधार बारिश से फसलें जलमग्न: राहत और मुआवजे की मांग को लेकर विधायक हरिओम वर्मा का जिलाधिकारी को पत्र।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

कासगंज। कासगंज जिले की अमांपुर विधानसभा सीट पर बीते दिनों हुई भारी बारिश और भीषण जलभराव ने किसानों की लहलहाती फसलों को पूरी तरह तबाह कर दिया है। खेतों में पानी भरने से बाजरा, धान सहित अन्य फसलें सड़कर बर्बाद हो चुकी हैं। किसानों के इस भारी नुकसान पर संज्ञान लेते हुए क्षेत्रीय विधायक हरिओम वर्मा ने जिलाधिकारी प्रणय सिंह से मुलाकात कर एक पत्र सौंपा, जिसमें पीड़ित किसानों को अतिशीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई है।

जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में विधायक हरिओम वर्मा ने स्पष्ट किया कि 101-अमांपुर विधानसभा के अधिकांश गांवों में दैवीय आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। खेतों में कई फीट तक जलभराव होने की वजह से किसानों की धान, बाजरा और अन्य नकदी फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं। अचानक आए इस प्राकृतिक संकट से क्षेत्र का किसान वर्ग गहरे आर्थिक तनाव और निराशा में डूब गया है।

किसानों की बदहाली को देखते हुए विधायक ने प्रशासन से मांग उठाई है कि कृषि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का पारदर्शी स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे की रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को भेजी जाए, ताकि आपदा राहत कोष और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित किसानों के खातों में मुआवजे की राशि बिना किसी प्रशासनिक देरी के भेजी जा सके।

लागत गंवा चुके स्थानीय किसानों का कहना है कि अब उनके पास अगली फसल की तैयारी के लिए भी पूंजी नहीं बची है। विधायक द्वारा सीधे जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग करने के बाद क्षेत्रीय ग्रामीण और किसानों में उचित सर्वे व त्वरित प्रशासनिक राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी।

शाहजहांपुर में उफान पर रामगंगा और खन्नौत, खतरे के निशान से ऊपर बह रहा पानी; …