Breaking News

वोट चोरी के विरोध में गांधी प्रतिमा पर प्रार्थना सभा करने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने रोका।

वोट चोरी के विरोध में गांधी प्रतिमा पर प्रार्थना सभा करने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पुलिस ने रोका।

बदायूं। वोट चोरी के आरोपों के विरोध और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की मांग को लेकर गांधी ग्राउंड में गांधी प्रतिमा के सामने प्रार्थना सभा करने जा रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस प्रशासन ने नेकपुर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय एवं आवास पर रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं प्रार्थना सभा आयोजित की। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सम्मति दे भगवान’ का गायन किया गया। कांग्रेसियों ने मताधिकार, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ।

प्रार्थना सभा के दौरान जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने अपने संबोधन में कई प्रस्ताव रखे। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, चुनाव आयुक्तों को कानूनी छूट देने संबंधी वर्ष 2023 के कानून को रद्द करने, एसआईआर प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को वापस जोड़ने की मांग शामिल रही। इसके अलावा उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने और पिछले दो वर्षों में हुए उन विधानसभा चुनावों को रद्द करने की मांग भी रखी, जिनमें कांग्रेस के अनुसार वोट चोरी के पुख्ता सबूत हैं।

अजीत यादव ने आरोप लगाया कि योगी सरकार ने भारी पुलिस बल लगाकर छह अक्टूबर की रात से उन्हें घर में नजरबंद कर रखा है और पांच दिनों से आवास से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उनके मुताबिक, कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए अपना विरोध जारी रखेगी।

संविधान और मताधिकार की रक्षा का लिया संकल्प

कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां और जिला सचिव राजीव पटेल ने कहा कि पार्टी का विरोध किसी पद या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए है। ककराला नगर अध्यक्ष शहजादा रिजवान और उझानी नगर अध्यक्ष बबलू सैफी ने कहा कि वोट की गरिमा से समझौता नहीं किया जाएगा और लोकतंत्र पर होने वाले किसी भी हमले का विरोध जारी रहेगा।

वहीं, कांग्रेस जिला महासचिव आलोक सिंह, अनुसूचित जाति कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया और जिला सचिव मंजेश यादव ने भाजपा नेतृत्व तथा मुख्य चुनाव आयुक्त पर मतदाता सूची में कथित हेरफेर और एसआईआर के जरिए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाने के आरोप लगाए। उन्होंने इन आरोपों के आधार पर केंद्र सरकार और चुनाव प्रक्रिया की आलोचना की। ये आरोप कांग्रेस नेताओं की ओर से लगाए गए हैं।

प्रार्थना सभा में जिला उपाध्यक्ष बफाती मियां, जिला महासचिव आलोक सिंह, जिला सचिव राजीव पटेल और मंजेश यादव, अनुसूचित जाति कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेंद्र कन्नौजिया, ककराला नगर अध्यक्ष शहजादा रिजवान, उझानी नगर अध्यक्ष बबलू सैफी, डॉ. खलील अहमद, इकरार अली, बन्ने खान, सत्यपाल फौजी, अकरम खान, सेवानिवृत्त कानूनगो सुरेंद्र सिंह और सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

टॉफी लेकर लौट रहे दो मासूम भाइयों पर कुत्ते का हमला, चेहरे और होंठ पर किए गहरे घाव।

टॉफी लेकर लौट रहे दो मासूम भाइयों पर कुत्ते का हमला, चेहरे और होंठ पर …