Breaking News

मौनी अमावस्या से पहले बलुआ मेला हुआ गुलजार, गंगा घाट से लेकर चहनियां तक तेज हुई तैयारियां।

मौनी अमावस्या से पहले बलुआ मेला हुआ गुलजार, गंगा घाट से लेकर चहनियां तक तेज हुई तैयारियां।

संवाददाता – जयशंकर मिश्रा 

चहनियां (चंदौली)। मौनी अमावस्या पर होने वाले पावन स्नान को लेकर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर रौनक बढ़ने लगी है। गंगा घाट से लेकर बाल्मीकि इंटर कॉलेज फील्ड और चहनियां बाजार तक मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। दुकानें सजने लगी हैं, झूले, चरखी, खिलौनों और खानपान की दुकानों की तैयारी शुरू हो चुकी है। पूरा मेला क्षेत्र धीरे-धीरे गुलजार होने लगा है।

18 जनवरी को मौनी अमावस्या का स्नान पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर होगा, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। यहां स्नान-दान का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर जनपद के अलावा गैर जनपदों, बिहार, झारखंड सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

शुक्रवार को बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने गंगा घाट पर पहुंचकर बैरिकेटिंग की व्यवस्था के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के साथ घाट और बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और मेले की सुचारु व्यवस्था के लिए बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए गए।

बाल्मीकि इंटर कॉलेज के मैदान में तरह-तरह की दुकानें, खिलौने, झूले, चरखी और मनोरंजन के साधन लगाए जाने लगे हैं। वहीं बलुआ से लेकर चहनियां कस्बे तक अस्थायी दुकानों की कतारें सजने लगी हैं। मेला क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ने से व्यापारियों और दुकानदारों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मकर संक्रांति के ठीक तीन दिन बाद मौनी अमावस्या पड़ने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन लगातार निरीक्षण कर रहा है। घाट पर प्रतिदिन सफाईकर्मियों द्वारा साफ-सफाई कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

बलुआ एसओ अतुल कुमार ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दुकानों को तय दायरे में लगाने के लिए माइक से एलाउंस कराकर दुकानदारों को निर्देशित कराया, जिससे अव्यवस्था न फैले और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मौनी अमावस्या को लेकर बलुआ का मेला अब अपने पूरे शबाब पर आने लगा है। धार्मिक आस्था, प्रशासनिक तैयारियों और व्यापारिक गतिविधियों के संगम से पूरा क्षेत्र एक बार फिर ऐतिहासिक और भव्य मेले के रूप में सजने-संवरने लगा है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!