Breaking News

बदायूँ के विद्यालयों में पॉक्सो कानून के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, न्यायिक अधिकारियों ने दिए सुरक्षा टिप्स।

बदायूँ के विद्यालयों में पॉक्सो कानून के प्रति विद्यार्थियों को किया गया जागरूक, न्यायिक अधिकारियों ने दिए सुरक्षा टिप्स।

बदायूँ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जिले भर के विद्यालयों में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 (POCSO Act) के प्रावधानों, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

पीएम श्री राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री रिन्कु ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बचाव, ‘गुड टच और बैड टच’ की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा किसी भी अनुचित घटना की सूचना तुरंत अभिभावकों या शिक्षकों को देने के संबंध में जागरूक किया। वहीं राजकीय इण्टर कॉलेज गभ्याई में प्रभारी सचिव/सिविल जज अंकित रस्तोगी की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ, जहां उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, कर्तव्यों और बाल सुरक्षा के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।

अभियान के तहत जिले भर के प्रमुख विद्यालयों में न्यायिक अधिकारियों ने पहुंचकर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। राजकीय इण्टर कॉलेज घटपुरी में विशेष न्यायाधीश राजवीर सिंह, राजकीय हाईस्कूल जगत में विशेष न्यायाधीश दिनेश तिवारी, दिल्ली पब्लिक स्कूल में विशेष न्यायाधीश श्रीमती नुपुर, हाफिज सिद्दीक इस्लामियां इण्टर कॉलेज में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषि कुमार, क्रिश्चियन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेन्द्रपाल सिंह, केदारनाथ महिला इण्टर कॉलेज में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता प्रथम तथा मिशन इंग्लिश स्कूल में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीलांजना ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। इसके अलावा सहसवान, बिल्सी, दातागंज, बिसौली, उझानी और दहेमी समेत जिले के अन्य तहसीलों व कस्बों के विद्यालयों में भी संबंधित सिविल जज और न्यायिक मजिस्ट्रेटों द्वारा जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

सभी कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का प्रयोग सकारात्मक और सुरक्षित तरीके से करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने बच्चों को अश्लील सामग्री से दूर रहने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अच्छी शिक्षा ग्रहण कर देश का जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। कार्यक्रमों में पराविधिक स्वयंसेवक, जनपद न्यायालय के कर्मचारी और संबंधित विद्यालयों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान।

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान। बदायूँ। उत्तर प्रदेश …