Breaking News

शाहजहांपुर: पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, मां गंभीर रूप से घायल।

शाहजहांपुर: पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, मां गंभीर रूप से घायल।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर: थाना पुवायां क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार भरभराकर गिरने से चाचा और भतीजे की मौत हो गई, जबकि भतीजे की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरविंद ई-रिक्शा चलाते हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे उनका 25 वर्षीय छोटा भाई राजन और तीन वर्षीय इकलौता बेटा आरव कमरे में सो रहे थे, जबकि अरविंद की पत्नी काजल मकान के दूसरे हिस्से में मौजूद थीं।

इसी दौरान पड़ोसी राजाराम के कच्चे मकान की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर अरविंद के मकान के लेंटर पर आ गिरी। दीवार का भारी वजन मकान सहन नहीं कर सका और देखते ही देखते पूरा मकान ढह गया। मलबे के नीचे राजन, आरव और काजल दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आरके रावत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजन और मासूम आरव की सांसें थम चुकी थीं। गंभीर रूप से घायल काजल को तुरंत उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक ही परिवार में चाचा और भतीजे की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …