Breaking News

शाहजहांपुर में दो साधुओं की मौत से सनसनी, जलते मिले शव।

एसपी समेत अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, एक संदिग्ध हिरासत में।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव सुथा में गुरुवार सुबह दो साधुओं की मौत की सूचना से हड़कंप मच गया। गांव के बाहर स्थित एक देवस्थल से धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां दो शव जलती हुई चिताओं की अवस्था में दिखाई दिए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही खुदागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कराए गए।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब सात बजे देवस्थल पर दो संन्यासियों के शव जली हुई अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। देवस्थल के संरक्षक शिवकुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक तहरीर में गांव के ही सुमित का नाम सामने आया है। बताया गया है कि सुमित कुछ दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था और पिछले कुछ समय से देवस्थल पर रहने वाले दोनों संन्यासियों के संपर्क में था।

प्रारंभिक जांच के दौरान ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को दोनों संन्यासियों और सुमित के बीच देवस्थल छोड़ने को लेकर कथित विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसी विवाद को घटना से जोड़कर जांच कर रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारण और दोनों संन्यासियों की मौत की परिस्थितियां विस्तृत जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

अग्निशिखा में छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश।

रामलीला मैदान से ब्लॉक परिसर तक निकली शोभायात्रा, खुले मंच पर छात्राओं ने रखे विचार। …