Breaking News

सहसवान: सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।

सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता का हुआ आयोजन।

विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ रखे अपने विचार।

राष्ट्रीय न्यूज़ टुडे

सहसवान, (बदायूं)। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल में शुक्रवार को एक ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय में अंग्रेज़ी वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय था — “क्या सोशल मीडिया टीनएजर्स के जीवन को बिगाड़ रहा है?”

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विचार अभिव्यक्ति की क्षमता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता को दो वर्गों में बाँटा गया — प्रथम वर्ग कक्षा 4-5 और द्वितीय वर्ग कक्षा 6-8 का रहा। दोनों वर्गों के विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष और विपक्ष में प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। मंच पर बच्चों के आत्मविश्वास, उच्चारण और भाषा की शुद्धता ने दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रधानाचार्या श्रीमती प्रवीण अरोड़ा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में बोलने की झिझक को दूर करती हैं और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालयी जीवन में एक नया आत्मविश्वास भरते हैं।

विद्यालय के निदेशक श्री अश्वनी महेश्वरी ने कहा कि आधुनिक युग में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जब अपने विचारों को तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हैं, तो उनमें न केवल अभिव्यक्ति कौशल बढ़ता है बल्कि उनकी सोच भी व्यापक होती है।

निर्णायक मंडल में विद्यालय की शिक्षिकाएँ सुश्री सागरिका शर्मा और सुश्री समीक्षा महेश्वरी रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। दोनों निर्णायकों ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और वक्तृत्व कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने जिस परिपक्वता से अपने विचार रखे, वह काबिले तारीफ है।

पुरस्कार विजेताओं की सूची:

  • कक्षा 4-5 वर्ग: वैष्णवी (5A) और आरना (5A)
  • कक्षा 6-8 वर्ग: अथर्व सक्सेना (7) और रहीमा आक़िल (7)

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अंग्रेज़ी विभाग की शिक्षिकाओं सुश्री हुज़ैफ़ा और सुश्री अनुपम दीक्षित का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने तैयारी की और प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।

कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के उत्साह और उल्लास का माहौल देखने लायक था।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!