Breaking News

सहसवान: प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, सेवा हॉस्पिटल में हंगामा।

पूर्व में भी महिला की मौत के बाद अस्पताल हुआ था सीज, दोबारा संचालन पर उठे सवाल।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य 

सहसवान (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के हरदत्तपुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान जच्चा और नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पीआरवी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतका की पहचान ग्राम गढ़ोलिया पट्टी तासौल निवासी रिहाना पत्नी सलमान (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रिहाना का यह पांचवां प्रसव था। उसकी पहले से चार पुत्रियां हैं। परिजनों ने बताया कि सबसे छोटी बेटी करीब तीन वर्ष की है और रिहाना की शादी लगभग दस वर्ष पूर्व सलमान से हुई थी।

परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान रिहाना और नवजात की हालत बिगड़ गई। आरोप है कि स्थिति बिगड़ने के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी वहां से चले गए। परिजनों के मुताबिक बाद में जच्चा-बच्चा को डॉक्टर की गाड़ी से गांव में छोड़कर आने की बात सामने आई, जिसके बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ मौके से चला गया और अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों की देखरेख भी प्रभावित हुई।

मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सेवा हॉस्पिटल में पूर्व में भी प्रसव के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल को सीज किए जाने की कार्रवाई की गई थी। बाद में अस्पताल दोबारा संचालित होने लगा। अब जच्चा-बच्चा की मौत का एक और मामला सामने आने के बाद अस्पताल के संचालन और पूर्व में हुई कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका और अस्पताल के संचालन संबंधी स्थिति भी जांच का विषय बनी हुई है।

Spread the love

Check Also

मंदी और बारिश से प्रभावित कारोबार, व्यापारियों ने मांगी राहत।

मंदी और बारिश से प्रभावित कारोबार, व्यापारियों ने मांगी राहत। मोहम्मद वसीम, संवाददाता बरेली। कारोबार …