Breaking News

सहसवान: उधार के पैसे मांगना पड़ा महंगा, दुकान पर चढ़कर महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला।

सहसवान: उधार के पैसे मांगना पड़ा महंगा, दुकान पर चढ़कर महिला और उसके परिवार पर जानलेवा हमला।

सहसवान (बदायूं): नगर के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरबानपुर में उधार के पैसे का तकादा करने पर दबंगों ने महिला और उसके परिवार पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला की पुत्रवधू और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

ग्राम कुरबानपुर निवासी रहीला बेगम पत्नी कर्रू खां अपने घर पर ही परचून की दुकान चलाती हैं। रविवार दोपहर करीब 2 बजे वह अपने उधार के पैसे लेने के लिए गांव की ही गुलनुमा पत्नी नजर मोहम्मद के घर पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों में पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

आरोप है कि कुछ देर बाद हसरत पुत्र इशाक, गुलनुमा पत्नी हसरत, नजर मोहम्मद पुत्र उमर मोहम्मद और गुलनुमा पत्नी नजर मोहम्मद समेत अन्य लोग लाठी-डंडे और गड़ासा लेकर रहीला बेगम की दुकान पर आ धमके। घर में पुरुषों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर आरोपियों ने रहीला बेगम पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उनकी बेटी और पुत्रवधू बचाव के लिए आईं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा।

हमले में गड़ासे के वार से रहीला बेगम की पुत्रवधू का सिर फट गया और हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, बीच-बचाव के दौरान उनकी बेटी के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। रहीला बेगम ने सहसवान कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!