Breaking News

सैदीपुर हरैया में आरटीआई से भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: कागजों में बन गई सड़क, मौके पर निर्माण का नामोनिशान नहीं।

सैदीपुर हरैया में आरटीआई से भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: कागजों में बन गई सड़क, मौके पर निर्माण का नामोनिशान नहीं।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। जनपद के विकास खंड नकहा की ग्राम पंचायत सैदीपुर हरैया में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि के बंदरबांट का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत सामने आए दस्तावेजों ने ग्राम पंचायत में चल रहे कथित भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है, जिससे गांव में हड़कंप मच गया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम हरैया निवासी विमलेश सिंह पुत्र रामकरन सिंह ने आरटीआई के माध्यम से विकास कार्यों और उन पर खर्च की गई राशि का विस्तृत विवरण मांगा। प्राप्त दस्तावेजों में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि मजस्टर सिंह के घर से लेकर गुड्डू सिंह के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के नाम पर सरकारी खजाने से लाखों रुपये निकाले जा चुके हैं, जबकि धरातल पर आज तक एक ईंट भी नहीं लगी है।

इस खुलासे के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि ग्राम प्रधान और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का खुलेआम गबन किया गया है। कागजों में सड़क निर्माण को पूर्ण दिखाकर भुगतान प्राप्त कर लिया गया, लेकिन जमीनी हकीकत में वहां के हालात जस के तस बने हुए हैं। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर लंबे समय से इस तरह की धांधली की जा रही है, जिसके कारण सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।

भ्रष्टाचार के इस मामले को लेकर गांववासियों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन करेंगे और शासन स्तर तक अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्राम पंचायत सैदीपुर हरैया में पिछले वर्षों के दौरान कराए गए समस्त विकास कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग करने वाले चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!