Breaking News

डॉक्टर बनकर ऑनलाइन बेच रहे थे दवाएं, फर्जी लाइसेंस से चला रहे थे कारोबार।

डॉक्टर बनकर ऑनलाइन बेच रहे थे दवाएं, फर्जी लाइसेंस से चला रहे थे कारोबार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। इज्जतनगर पुलिस ने राजीव इन्क्लेव कॉलोनी में डॉक्टर बनकर ऑनलाइन दवाएं बेचने वाले कथित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 1.99 लाख रुपये नकद, 85 पैकेट दवाएं, कूटरचित लाइसेंस, मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर और दवाओं की पैकिंग सामग्री बरामद हुई है।

एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि राजीव इन्क्लेव स्थित एक मकान में तीन लोग कॉल सेंटर की आड़ में ऑनलाइन दवाओं का कारोबार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर समीरउद्दीन निवासी देवरनियां और यूसुफ निवासी बड़ी बिहार, इज्जतनगर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उनका साथी इलियास खान मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘हर्बल हैंड जड़ीबूटी’ नाम से प्रचार करते थे और खुद को डॉक्टर बताकर लोगों से ऑनलाइन दवाओं के ऑर्डर लेते थे। पुलिस का आरोप है कि फर्जी लाइसेंस और भ्रामक विज्ञापनों का इस्तेमाल कर यह कारोबार चलाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सहारनपुर और मुरादाबाद से सामग्री लाकर उसे कैप्सूल में भरकर रैपर लगाए जाते थे। इसके बाद फर्जी फर्म के नाम से दवाएं ऑनलाइन बेची जाती थीं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 मोबाइल फोन, छह कंप्यूटर, एक लैपटॉप, आठ मॉनीटर, तीन प्रिंटर, दो बिल प्रिंटर, छह की-बोर्ड, माउस-चार्जर, स्कैनर, 85 पैकेट दवाएं, दस्तावेज और पैकिंग सामग्री बरामद की। इसके अलावा छह चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड, पर्स और कूटरचित लाइसेंस भी पुलिस को मिले।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब दो वर्ष से यह कारोबार चला रहे थे। अब पुलिस बरामद दवाओं की जांच कराने के साथ ऑनलाइन कारोबार, कथित फर्जी लाइसेंस और फरार आरोपी इलियास खान की भूमिका की जांच कर रही है।

मामले में इज्जतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

Spread the love

Check Also

रेलवे में आउटसोर्सिंग के खिलाफ एनआरएमयू ने किया जोरदार प्रदर्शन।

रेलवे में आउटसोर्सिंग के खिलाफ एनआरएमयू ने किया जोरदार प्रदर्शन। मुबारक अली, संवाददाता शाहजहांपुर। ऑल …