Breaking News

लखीमपुर खीरी: नगर पालिका जनसुनवाई में उठीं 37 समस्याएं, अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

लखीमपुर खीरी: नगर पालिका जनसुनवाई में उठीं 37 समस्याएं, अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

संवाददाता, मोहम्मद असलम 

लखीमपुर खीरी। नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय में एक विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्वयं मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 37 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें निर्माण विभाग की 13, जलकल विभाग की 12, लाइट विभाग की 5, साफ-सफाई विभाग की 3, गृहकर एवं जलकर विभाग की 3 तथा अतिक्रमण विभाग की 1 शिकायत शामिल रही। लाइट विभाग से जुड़ी शिकायतों में मुख्य रूप से स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने और नए बल्ब लगवाने की मांग रखी गई।

साफ-सफाई विभाग के अंतर्गत मोहल्लों और पार्कों की नियमित साफ-सफाई कराने की बात सामने आई, जबकि जलकल विभाग में पेयजल आपूर्ति सुचारu रखने, पाइपलाइन लीकेज ठीक करने, जलभराव की समस्या दूर करने, हैंडपंपों की मरम्मत और पाइपलाइन विस्तार से जुड़े मामले उठाए गए। निर्माण विभाग के तहत सड़क व नाली निर्माण, उनकी मरम्मत, सड़कों को ऊंचा कराने और समतलीकरण कराने की मांगें प्रमुख रहीं। इसके अलावा, गृहकर और जलकर से संबंधित नामांतरण, कर निर्धारण प्रकरणों तथा अतिक्रमण हटाने से जुड़ी शिकायतें भी दर्ज की गईं।

निर्माण विभाग की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि अधिकांश विकास कार्यों में स्थल निरीक्षण, तकनीकी परीक्षण, आगणन (इस्टीमेट) तैयार करने, प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिलने तथा नियमानुसार निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही धरातल पर कार्य शुरू हो पाता है। यही वजह है कि ऐसे मामलों के विधिवत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए लगभग छह माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाएं और तय अवधि के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।

डॉ. इरा श्रीवास्तव ने जोर देते हुए कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान करना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर उसका पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। अंत में उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपनी किसी भी समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे उनका शीघ्र और निष्पक्ष समाधान कराया जा सके।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत तक सस्ती मिलेंगी दवाइया।

बदायूं: राजकीय मेडिकल कॉलेज में हुआ अमृत औषधि केंद्र का शुभारंभ, 50 से 90 प्रतिशत …

error: Content is protected !!