Breaking News

अग्निशिखा में छात्राओं ने दिखाया आत्मविश्वास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश।

रामलीला मैदान से ब्लॉक परिसर तक निकली शोभायात्रा, खुले मंच पर छात्राओं ने रखे विचार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। शिक्षा, आत्मनिर्भरता और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर छात्राओं ने खुले मंच से अपने विचार रखे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित ‘अग्निशिखा 2026’ युवती सम्मेलन में छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान से बहेड़ी ब्लॉक परिसर तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।

ब्लॉक परिसर में आयोजित खुले मंच पर छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, करियर, आत्मनिर्भरता, युवा नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर विचार व्यक्त किए। छात्राओं के वक्तव्यों और प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका बहेड़ी की चेयरमैन रश्मि जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आत्मविश्वास के माध्यम से बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार ने कहा कि युवतियों में नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां परिवार के साथ समाज को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

विशिष्ट अतिथि फरीदपुर ब्लॉक प्रमुख सोनम ग्वाल ने छात्राओं से अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति विश्वास बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहना भी जरूरी है।

मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक शशांक भाटिया ने नारी की सामाजिक भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, प्रतिभा और संस्कारों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वागत समिति की अध्यक्ष मीना शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को सार्वजनिक मंच पर रखने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में प्रांत सह छात्रा प्रमुख सोनू चौधरी, प्रांत कार्यसमिति सदस्य गायत्री गंगवार, रीना, रीता, विभाग छात्रा प्रमुख रोशनी ठाकुर, अलसा नूर समेत बड़ी संख्या में छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शोभायात्रा में दिखा छात्राओं का उत्साह

सम्मेलन के समापन के बाद रामलीला मैदान से बहेड़ी ब्लॉक परिसर तक शोभायात्रा निकाली गई। इसमें शामिल छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में छात्राओं की भागीदारी से शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही।

Spread the love

Check Also

सहसवान पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार।

सहसवान पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार। प्रधान संपादक, …