Breaking News

बदायूं में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और एकता का गूंजा संदेश।

बदायूं में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति और एकता का गूंजा संदेश।

बदायूं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत जनपद में पुलिस परेड ग्राउंड से एक विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रव्यापी यात्रा में प्रदेश सरकार के मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू होकर यह यात्रा इंदिरा चौक, गांधी ग्राउंड और लावेला चौराहा होते हुए वापस पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के रंगों में सराबोर नजर आया और सभी ने हाथों में तिरंगा थामकर राष्ट्रीय एकता व अखंडता का मजबूत संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की पहचान, आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत हर नागरिक अपने घर पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराए। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि तिरंगा कभी भी इधर-उधर गिरा हुआ या असम्मानजनक स्थिति में न दिखे, क्योंकि इसका आदर करना हर भारतीय का प्राथमिक कर्तव्य है।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत को स्वतंत्र, सशक्त और मजबूत बनाने वाली सबसे बड़ी ताकत हमारी आपसी एकता और अखंडता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों के दिलों में देशभक्ति और राष्ट्रनिर्माण की भावना को और अधिक प्रगाढ़ किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे तिरंगे की पूरी गरिमा बनाए रखें और पर्यावरण की रक्षा के साथ-साथ देश की प्रगति में सक्रिय योगदान दें।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि तिरंगा महज तीन रंगों का कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के बलिदान, राष्ट्र की अखंडता और गौरव का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों के त्याग को नमन करते हुए हर नागरिक को देश की सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव के लिए खुद को समर्पित करने का संकल्प लेना चाहिए।

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि यह अभियान देश की आन और बान से जुड़ा हुआ है और भारत आज विश्वगुरु बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि तिरंगा हमारी संस्कृति और राष्ट्र की आत्मा का परिचायक है। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने छात्र-छात्राओं से पूरी लगन से पढ़ाई कर जनपद और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।

इस गरिमामयी आयोजन में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, पूर्व विधायक सिनोद शाक्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा और पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव सहित तमाम ब्लॉक प्रमुख, नगर निकायों के अध्यक्ष, प्रशासनिक अमला, शिक्षक और हजारों की संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …