Breaking News

गंजडुंडवारा: नगर पालिका बोर्ड बैठक में अवैध कब्जे, जलभराव और पेयजल व्यवस्था पर गरमाया मुद्दा, बनी कार्ययोजना।

गंजडुंडवारा: नगर पालिका बोर्ड बैठक में अवैध कब्जे, जलभराव और पेयजल व्यवस्था पर गरमाया मुद्दा, बनी कार्ययोजना।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

गंजडुंडवारा, कासगंज: कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक सोमवार को नगर पालिका सभाकक्ष में आयोजित की गई। पालिका अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन की अध्यक्षता और एसडीएम एवं अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर की मौजूदगी में हुई इस बैठक में सभासदों ने नगर की जल निकासी, पेयजल, सड़क, विद्युत व्यवस्था, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पालिका की बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जों जैसे गंभीर मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। हालांकि, वर्ष 2026 की लाइसेंसिंग एवं अन्य शुल्क संबंधी नियमावली का प्रस्ताव इस दौरान पास नहीं हो सका, जिसे सभासदों की मांग पर अगली बोर्ड बैठक के लिए टाल दिया गया।

सोमवार को हुई इस बैठक में ‘फीकल स्लज, सेप्टेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन उपविधि-2026’ को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके लागू होने से नगर में सेप्टिक टैंकों की सफाई और मल-मिश्रित अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। साथ ही, सेप्टिक टैंकों की सफाई के लिए तय किए जाने वाले शुल्क पर भी सहमति बन गई है।

बैठक के दौरान वार्ड के सभासद मनोज कुमार ने नगर पालिका की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। अन्य सभासदों ने भी पालिका की जमीन को जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने संबंधित अभिलेख मंगाकर उनकी जांच करने और राजस्व विभाग व पुलिस प्रशासन के सहयोग से अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इसके अलावा, वार्ड 10 की सभासद रेखा गुप्ता ने कन्या पाठशाला हाईस्कूल परिसर में खड़ी जर्जर पानी की टंकी का मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि इस खतरनाक और जर्जर हो चुकी टंकी को तुरंत गिराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बैठक में नगर की सबसे बड़ी समस्या बने जलभराव के स्थायी समाधान पर लंबी चर्चा हुई। इसके तहत जलभराव वाले क्षेत्रों में पुराने नालों के चौड़ीकरण, जरूरत के हिसाब से नए नालों के निर्माण और उनकी क्षमता बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।

पेजयल व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए हर घर को नल कनेक्शन से जोड़ने, नए नलकूप लगवाने, जलापूर्ति में सुधार करने और नियमित क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही, स्ट्रीट लाइटों से हो रही बिजली चोरी की शिकायतों पर सख्त नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई।

बैठक के समापन के बाद एसडीएम एवं अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर ने मीडिया को बताया कि नगर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालिका की भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दस्तावेजों की जांच कर सख्त कार्रवाई होगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और मानक के विपरीत काम मिलने पर ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी तीन से छह महीनों के भीतर नगर की सड़कों, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष हाजी मुनव्वर हुसैन, लेखाकार श्रीकांत शर्मा सहित तमाम निर्वाचित व नामित सभासद और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम जटा का किया स्थलीय निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश। बदायूं। बदायूं …