Breaking News

इटावा: 5 दिन बाद भी बाबा सिद्धनाथ मंदिर चोरी का खुलासा नहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।

5 दिन बाद भी बाबा सिद्धनाथ मंदिर चोरी का खुलासा नहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल।

आनन्द पाण्डेय, संवाददाता 

इटावा। चकरनगर चम्बल घाटी परिक्षेत्र के थाना सहसों अंतर्गत चम्बल नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक बाबा सिद्धनाथ मंदिर में हुई चोरी की घटना को पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। इस आस्था के प्रमुख केंद्र में हुई चोरी से न सिर्फ श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि स्थानीय लोगों में भी रोष और भय का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद से श्रद्धालु लगातार पुलिस से जल्द खुलासे की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अब तक न तो चोरों का कोई सुराग मिल सका है और न ही चोरी गई दानपेटी की बरामदगी हो पाई है। स्थानीय निवासी शक्ति कुशवाहा सहित अन्य लोगों का कहना है कि पुलिस जांच के दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि तीसरी बार मंदिर में चोरी की घटना हुई है। उनका कहना है कि हर वर्ष बाबा सिद्धनाथ मंदिर पर लगने वाले मेले से पहले ही मंदिर में रखी दानपेटी चोरी हो जाती है। यह एक गंभीर सवाल है कि आखिर हर बार मेला शुरू होने से पहले ही चोरी क्यों हो जाती है और अब तक एक भी मामले का पुलिस द्वारा खुलासा क्यों नहीं किया गया।

मंदिर प्रबंधन और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सिद्धनाथ मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कमजोर है। रात्रि गश्त और निगरानी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण ही ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। यदि समय रहते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते, तो शायद इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।

लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच में तेजी लाई जाए, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और चोरी गई दानपेटी की बरामदगी कर आस्था के इस केंद्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा सिद्धनाथ मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की पहचान और गौरव भी है।

ऐसे में यहां बार-बार चोरी की घटनाएं होना और उनका खुलासा न होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सभी की निगाहें पुलिस पर टिकी हैं कि वह कब इस मामले से पर्दा उठाकर दोषियों को सामने लाएगी और श्रद्धालुओं के विश्वास व सुरक्षा को फिर से बहाल कर पाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!