Breaking News

लखीमपुर खीरी में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न: डीएम-एसपी बोले— भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

लखीमपुर खीरी में जिला शांति समिति की बैठक संपन्न: डीएम-एसपी बोले— भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश)। आगामी बकरीद त्योहार और गंगा दशहरा को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में एक महत्वपूर्ण जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की संयुक्त अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के तमाम धर्मगुरुओं, प्रबुद्ध नागरिकों और संभ्रांत जनों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उपस्थित सभी नागरिकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि आने वाले सभी पर्वों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए हमेशा की तरह आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। इस पूरी बैठक का सफल संचालन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा किया गया।

शांति समिति के महत्व को रेखांकित करते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि संभ्रांत नागरिकों द्वारा बैठक में उठाए गए बिंदुओं और सुझावों से प्रशासन को त्योहारों के सफल संपादन हेतु कार्ययोजना तैयार करने में बड़ी मदद मिलती है, जिससे किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिजली, पानी और साफ-सफाई को लेकर जो भी सुझाव मिले हैं, उनका समय से निस्तारण कराया जाएगा।

इसके लिए उन्होंने अधिशासी अधिकारियों (ईओ) और डीपीआरओ को निर्देश दिए कि वे नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। जिलाधिकारी ने जिले की गंगा-जमुनी तहजीब की सराहना करते हुए स्पष्ट किया कि त्योहार के अवसर पर किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी लोग पारंपरिक तरीके से ही पर्व मनाएं, निर्धारित स्थलों पर ही कुर्बानी की प्रक्रिया पूरी करें और प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से पूरी तरह दूर रहें। साथ ही, कुर्बानी के बाद बचे हुए अवशेषों का सम्मानजनक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए अपील की कि बकरीद की नमाज मस्जिदों के भीतर ही अदा की जाए और सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि क्षेत्र के शरारती और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की खुफिया और सोशल मीडिया सेल की पैनी नजर बनी हुई है।

यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक पोस्ट साझा करता है, तो उसके खिलाफ बिना किसी ढिलाई के कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और एएसपी पवन गौतम ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि मिलजुल कर पर्व मनाना हमारी साझा संस्कृति की पहचान है। इस विशेष अवसर पर डीएफओ तापस मिहिर, जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और धर्मगुरु उपस्थित रहे, जबकि जिले के सभी एसडीएम, सीओ और ईओ वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!