Breaking News

बदायूं के 200 स्कूलों में होगा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण।

मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत 167 बेसिक और 33 माध्यमिक विद्यालयों में चलेगा अभियान, अग्निशमन उपकरणों की जांच के निर्देश।

बदायूं। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत जनपद के 200 विद्यालयों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार को विकास भवन में जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में सहमति बनी। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों और विद्यालयों से जुड़े कर्मचारियों को आपदा से बचाव, सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक किया जाएगा।

बैठक में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्धारित योजना के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग के 167 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 33 विद्यालयों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कराया जाएगा।

बैठक में विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण विकसित करने और संभावित आपदाओं के दौरान जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों, बचाव के उपायों और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देने पर भी चर्चा हुई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों में स्थापित अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों का अच्छी तरह परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी उपकरण में कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से इस्तेमाल हो सके, इसके लिए उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करना जरूरी है।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत निर्धारित गतिविधियों को आपसी समन्वय से संचालित करने और प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों को तैयार करना है।

इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक नेहरू युवा केंद्र तथा पीएसी दल के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान में रामलीला से पहले निकली भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा।

प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ रहे तैनात, कमेटी अध्यक्ष गौतम असावा …