Breaking News

उन्नाव में गणेश चतुर्थी महोत्सव का समापन, गंगा तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन।

उन्नाव में गणेश चतुर्थी महोत्सव का समापन, गंगा तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन।

सनोज कुमार, संवाददाता 

उन्नाव। ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के अंतर्गत ग्राम शंकरपुर सरांय स्थित मौनी बाबा आश्रम में आयोजित श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव का मंगलवार को विधिविधान के साथ समापन हुआ। सात दिन तक चले इस धार्मिक उत्सव का समापन प्रतिमाओं के भव्य विसर्जन के साथ हुआ।

प्रातः से ही श्रद्धालु गणपति बप्पा की शोभायात्रा लेकर गलियों से विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुए। रथ और पिकअप वाहनों में सजी-धजी प्रतिमाओं को लेकर भक्तगण गाजे-बाजे व ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते आगे बढ़े। महिलाओं ने मंगलगीत गाए, बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत किया और रंग-बिरंगे गुलाल से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा के दौरान भोले बाबा की सुंदर झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। बुजुर्गों ने विधिविधान से आरती उतारी और सुख-समृद्धि की कामना की। “गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में गंगा तट (ट्रांस गंगा सिटी गेट नंबर-1) पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार लोधी ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को विसर्जन हेतु रवाना किया। इस दौरान गंगा बैराज चौकी प्रभारी मानसिंह के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नगर में स्थापित दो दर्जन से अधिक गणेश प्रतिमाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगा जी में विसर्जन कर महोत्सव का समापन हुआ।

कार्यक्रम में सार्वजनिक श्री गणेश सेवा समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार लोधी, मनीष त्रिवेदी, दीपक कुमार, पत्रकार सनोज कुमार, किसान नेता हीरेंद्र निगम, पत्रकार सुनील कुमार, राजेश निषाद, जगदीश निषाद, मनीराम निषाद, अमन राजपूत, रोहित निषाद, सरवन राजपूत, अमित निषाद, बबलू निषाद, शिवम राजपूत, अखिलेश राजपूत व धर्मेंद्र निषाद सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!