Breaking News

गंजडुंडवारा में जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ का ब्लॉक स्तरीय निर्वाचन संपन्न, मुहम्मद अली ताज चौथी बार अध्यक्ष।

अशोक शाक्य महामंत्री व अनवार अहमद बने कोषाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिलाई नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ।

संवाददाता, वसीम कुरैशी

गंजडुंडवारा (कासगंज)। जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी के तत्वावधान में ब्लॉक इकाई गंजडुंडवारा के अधिवेशन और निर्वाचन प्रक्रिया को बेहद गरिमामय माहौल में संपन्न कराया गया। स्थानीय स्तर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिक्षकों की भारी उपस्थिति के बीच नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला महामंत्री श्री हाशिम बेग मौजूद रहे। इनके अलावा शिक्षक हितों की बात रखने के लिए श्री शिवकुमार यादव, श्री मुरली मोहन वार्ष्णेय, श्री सत्य पाल (नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष पटियाली), श्री रवि और श्री जाहिद खान ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

संगठन के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार चौथी बार आयोजित हुए इस अधिवेशन व निर्वाचन को पारदर्शी ढंग से कराने में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मुहम्मद जावेद और जिला कोषाध्यक्ष श्री राहुल मिश्रा ने पर्यवेक्षक की अहम भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जयलाल बाबा द्वारा की गई, जबकि मंच का सफल संचालन मुहम्मद अली ताज ने किया। चुनावी प्रक्रिया के बाद सर्वसम्मति से हुए फैसले में संगठन की कमान एक बार फिर पुराने और अनुभवी चेहरों को सौंपी गई। इसके तहत मुहम्मद अली ताज को लगातार चौथी बार सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष घोषित किया गया, जिससे शिक्षक साथियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा क्षेत्र के दो वरिष्ठ शिक्षक व्यक्तित्वों श्री जयलाल बाबा और श्री बृजेश नाथ उपाध्याय को ब्लॉक इकाई गंजडुंडवारा का संरक्षक (सरपरस्त) मनोनीत किया गया। इस पर दोनों वरिष्ठ संरक्षकों ने संगठन को आजीवन सहयोग देने और शिक्षकों के मान-सम्मान की लड़ाई में हमेशा साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में आए हुए सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर और फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया।

इस नई घोषित कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद के अलावा अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी आम सहमति बनी, जिसके अंतर्गत श्री अशोक कुमार शाक्य को लगातार तीसरी बार महामंत्री, वरिष्ठ साहित्यकार श्री अनवार अहमद साहब को लगातार तीसरी बार कोषाध्यक्ष और श्री अनवर हिलाल को लगातार तीसरी बार वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, श्री मुहम्मद मुबीन को लगातार तीसरी बार उपाध्यक्ष, श्री मुहम्मद असलम खान को उपाध्यक्ष, श्री आदित्य कुमार मिश्रा को उपाध्यक्ष तथा श्री मुहम्मद इम्तियाज को प्रचार मंत्री व मीडिया प्रभारी के पद पर सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य पड़ाव में जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अंत में श्री बृजेश नाथ उपाध्याय के ओजस्वी वक्तव्य और श्री जयलाल बाबा के अध्यक्षीय संबोधन के साथ इस सफल शिक्षक अधिवेशन का समापन हुआ।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!