Breaking News

बिसौली: एसडीबी पब्लिक स्कूल में मातृ-पितृ दिवस श्रद्धा और संस्कार के साथ मनाया गया।

एसडीबी पब्लिक स्कूल में मातृ-पितृ दिवस श्रद्धा और संस्कार के साथ मनाया गया।

आई एम खान 

बिसौली। एसडीबी पब्लिक स्कूल में एक अत्यंत भावनात्मक और संस्कारपूर्ण पहल के अंतर्गत श्री योग वेदांत सेवा समिति, उझानी (बदायूँ) के तत्वावधान में मातृ-पितृ दिवस श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के प्रमुख सदस्य राजेश आहूजा, गीता बब्बर, रीना यादव तथा आश्रम संचालक चुन्नीलाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी यशपाल सिंह परमार के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत करता नजर आया। विद्यालय के निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने अतिथियों एवं अभिभावकों को मातृ-पितृ दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के नैतिक एवं चारित्रिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही आगामी वर्ष इसे और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों ने पूरे विधि-विधान से अपने माता-पिता का पूजन किया। बच्चों ने तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए, दीप प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी, मिठाई खिलाई तथा माता-पिता की परिक्रमा कर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। बच्चों ने जीवनभर आज्ञाकारी और संस्कारी बने रहने का संकल्प भी लिया।

इस स्नेहिल दृश्य से माता-पिता भाव-विभोर हो उठे। उन्होंने बच्चों को गले लगाकर आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरे ऑडिटोरियम में भावनात्मक वातावरण बना रहा, जहां प्रेम, कृतज्ञता और संस्कारों का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्या शारदा बावेजा, समन्वयक श्वेता शर्मा, कक्षा अध्यापिकाएं पूजा सिंह, गायत्री मिश्रा, प्रिया सिंह, अनमोल सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। अंत में निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विद्यार्थियों को अपने संस्कारों के अनुरूप आचरण करने तथा माता-पिता एवं गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने का संदेश दिया।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!