Breaking News

बहेड़ी: रॉन्ग साइड बना काल: फोरलेन पर ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत।

परोही फाटक के पास दर्दनाक हादसा, चालक ट्रक छोड़कर फरार; मृतकों की पहचान नहीं।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी (बरेली)। फोरलेन पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से दौड़ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने रविवार देर शाम दो युवकों की जिंदगी छीन ली। हादसा बहेड़ी थाना क्षेत्र के परोही फाटक के पास हुआ, जहां किच्छा की दिशा से गलत लेन में आ रहे ट्रक (संख्या UP 26 T 0623) ने बहेड़ी से किच्छा की ओर जा रही बाइक (संख्या UP 25 BU 2973) को सामने से भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के राहगीर व ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और हाईवे पर बनी अफरा-तफरी व जाम की स्थिति को सामान्य कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। देर शाम तक दोनों मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर, उपलब्ध दस्तावेजों और आसपास के थानों की मदद से मृतकों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

बहेड़ी कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि परोही फाटक के पास ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतकों की पहचान होते ही परिजनों को सूचित किया जाएगा।

Spread the love

Check Also

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान।

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की अधिसूचना जारी, 23 अक्टूबर को होगा मतदान। बदायूँ। उत्तर प्रदेश …