Breaking News

बदायूं: मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ: किसानों को 6% ब्याज दर पर मिलेगा 6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ: किसानों को 6% ब्याज दर पर मिलेगा 6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण।

बदायूँ: प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों को सशक्त करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ बुधवार को राज्य स्तर पर सजीव प्रसारण के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर जनपद बदायूँ के डायट स्थित ऑडिटोरियम में एक स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली योजना का शुभारंभ करते हुए बताया कि इसके तहत पात्र कृषकों को कृषि और उनके आर्थिक विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों को 6 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर अधिकतम 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को आवश्यक संसाधनों और कृषि कार्यों के लिए वित्तीय मदद देकर उनकी आय बढ़ाना है।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूँ की ओर से जनपद के पांच आदर्श कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों द्वारा किसानों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र कृषकों को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक बदायूँ की उपसभापति रानी सिंह पुंडीर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूँ के प्रतिनिधि नत्थू लाल वर्मा, यूपीएस बदायूँ के निदेशक मनोज कृष्ण गुप्ता, डीसीडीएफ के चेयरमैन रविन्द्र पाल सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूँ के वरिष्ठ प्रबंधक प्रवल प्रताप सिंह तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता बदायूँ विवेक कौशल मौजूद रहे। इनके अलावा सहकारी ग्राम विकास बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि, समितियों के सचिव, किसान संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल।

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल। …