Breaking News

मेडिकल स्टोर में पंखे से उतरे करंट ने ली महिला की जान, बाजार में मचा हड़कंप।

मेडिकल स्टोर में पंखे से उतरे करंट ने ली महिला की जान, बाजार में मचा हड़कंप।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

बलरामपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना कोतवाली उतरौला क्षेत्र अंतर्गत महदेईया बाजार में रविवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ दवा लेने गई एक महिला की मेडिकल स्टोर के भीतर रखे स्टैंड फैन से करंट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, थाना रेहरा बाजार के ग्राम अगया बुजुर्ग (धनपुरवा) की रहने वाली पैंतालीस वर्षीय राजकुमारी पत्नी जगमोहन रविवार दोपहर करीब एक बजे महदेईया बाजार में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने के लिए गई थीं। दवा लेने के उपरांत जैसे ही वह पानी पीने के उद्देश्य से दुकान के अंदर के हिस्से में गईं, तभी वह वहाँ चल रहे एक स्टैंड फैन के संपर्क में आ गईं। पंखे में अचानक करंट उतर आने की वजह से वह उससे बुरी तरह चिपक गईं और गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की भनक लगते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल इसकी सूचना 112 पुलिस व एंबुलेंस को दी गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से महिला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला ले जाया गया, जहाँ परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति जगमोहन पेशे से मजदूर हैं और इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

मृतका के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी गुड़िया और बेटा जयकिशन शामिल हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा वर्तमान में अहमदाबाद में रहता है और पति जगमोहन का भी वहां जाने का टिकट हो चुका था, लेकिन इस हृदय विदारक घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला अवधेश राज सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है, जिसके बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!