Breaking News

बरेली के बहेड़ी में ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, बिजली कर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।

बरेली के बहेड़ी में ट्रांसफार्मरों में लगी भीषण आग, बिजली कर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। बहेड़ी नगर के बेहद व्यस्ततम क्षेत्र कोतवाली के पास गुरुवार सुबह करीब नौ बजे अचानक बिजली के दो ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मुख्य मार्ग पर आधे से अधिक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मरों से अचानक तेज धमाके जैसी आवाजें गूंजी और पलभर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की इस भयावहता को देखकर आसपास के दुकानदारों और वहां से गुजर रहे राहगीरों में भारी दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत यातायात रुकवाया और लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित दूरी पर हटाया।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर रमेश सैनी अपनी टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंच गए। विभागीय कर्मचारियों ने बिना एक पल गंवाए सूझबूझ का परिचय देते हुए रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। कर्मचारियों की इस तत्परता के चलते दो में से एक ट्रांसफार्मर को पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दूसरे ट्रांसफार्मर को पहुँची क्षति का आकलन कर उसे जल्द ठीक करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए, लेकिन आग बुझाने में किसी ने मदद नहीं की। वहीं, सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, तब तक बिजली कर्मी आग पर लगभग नियंत्रण पा चुके थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने बाकी बची चिंगारियों को पूरी तरह बुझाकर क्षेत्र को सुरक्षित घोषित किया।

हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में भय का माहौल बना रहा, जिसके बाद स्थानीय नागरिकों ने बिजली महकमे से ट्रांसफार्मरों के नियमित रखरखाव और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की। बिजली विभाग के जेई रमेश सैनी ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, जिसे फिलहाल अज्ञात कारणों से माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और एक ट्रांसफार्मर सुरक्षित है, जबकि दूसरे को शीघ्र दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। विभाग ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत।

कासगंज: अशोकपुर गांव में पशुओं के बाड़े में निकला मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत। संवाददाता, जुम्मन …