Breaking News

लखना नगर में जय परशुराम के उद्घोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत।

लखना नगर में जय परशुराम के उद्घोष के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत।

आनन्द पाण्डेय, संवाददाता 

इटावा। ब्राह्मण समाज महासभा के तत्वावधान में आज लखना नगर में भगवान परशुराम की एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह धार्मिक यात्रा सुबह 11:00 बजे नगर के ईकरी रोड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से शुरू हुई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे और पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेवा अशोक चौबे ने भगवान के चित्र के समक्ष पूजन-अर्चन और आरती कर किया। इसके पश्चात गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

इस भव्य आयोजन में लखना नगर के साथ-साथ चकरनगर, बकेवर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से ब्राह्मण समाज के लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और पूरा नगर ‘जय परशुराम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा के दौरान भगवान परशुराम रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले, वहीं उनके पीछे समाज के युवा हाथों में प्रतीक स्वरूप फरसा लेकर शौर्य का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे।

शोभायात्रा का नगर के प्रमुख मार्गों पर विभिन्न समुदायों और गणमान्य नागरिकों द्वारा अभूतपूर्व स्वागत किया गया। नया नहर पुल पर पहुंचने पर चेयरमैन गणेश शंकर पोरवाल ने पुष्प वर्षा कर भगवान परशुराम की आरती उतारी। वहीं भाजपा की पूर्व विधायिका सावित्री कठेरिया ने भी यात्रा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। स्वागत की कड़ी में पूर्व प्रधान राकेश यादव, सपा के वरिष्ठ नेता अनिल दोहरे, बबलू यादव, कृष्णा यादव, अंशुल यादव, शेखू यादव, सोनू वर्मा, ध्रुव अवस्थी, निशांत सोनी और सभासद प्रताप पाल सहित अनेक लोगों ने पदाधिकारियों का माल्यार्पण किया और श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान व शीतल पेय की व्यवस्था की।

यात्रा के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे, प्रदेश महासचिव डॉ. गोविंद तिवारी, जिला अध्यक्ष एस के दीक्षित और अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के साथ भारी संख्या में युवा और बुजुर्ग शामिल रहे। आयोजन की सफलता पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण दुबे ने समस्त क्षेत्रवासियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। सुरक्षा की दृष्टि से थाना अध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक और लखना चौकी इंचार्ज अंकित पटेल भारी पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!