Breaking News

शाहजहांपुर में सिटी हीट एक्शन प्लान होगा लागू, डीएम ने दिए निर्देश।

शाहजहांपुर में सिटी हीट एक्शन प्लान होगा लागू, डीएम ने दिए निर्देश।

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान और हीटवेव के खतरे से जनसामान्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में हीटवेव प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। इसमें जिलाधिकारी को समिति का अध्यक्ष तथा नगर आयुक्त को सदस्य संयोजक नामित किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आगरा, लखनऊ एवं प्रयागराज की तर्ज पर अब शाहजहांपुर में भी सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार किया जाना अनिवार्य है। इसका उद्देश्य ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान एवं लू के दुष्प्रभावों से आम जनता को सुरक्षित रखना और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक ठोस, व्यवहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा समिति के सभी सदस्य अपने-अपने दायित्वों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में प्रमुख रणनीतियों पर विशेष बल दिया गया, जिनमें छायादार स्थलों का विकास, सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था, अस्पतालों में हीट-स्ट्रोक वार्ड की तैयारी, एम्बुलेंस सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता तथा जन-जागरूकता अभियानों को प्रभावी रूप से संचालित करना शामिल है।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए, जिससे ग्रीष्म ऋतु के आगमन से पूर्व जनपद पूरी तरह तैयार और सुरक्षित रह सके।

बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त), डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डिप्टी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, अग्निशमन अधिकारी सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!