Breaking News

जगत पीपरी में डेंगू का कहर, 48 घंटे में तीन मौतों से मचा हड़कंप।

जगत पीपरी में डेंगू का कहर, 48 घंटे में तीन मौतों से मचा हड़कंप।

आई एम खान 

बिसौली। तहसील क्षेत्र के गांव जगत पीपरी में डेंगू के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले 48 घंटों के दौरान डेंगू के लक्षणों के चलते उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत होने की बात सामने आई है। लगातार हो रही मौतों से गांव में चिंता बढ़ गई है।

स्थिति की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भारत सरकार के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व प्रदेश समन्वयक सतीश प्रेमी गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियमित रूप से फॉगिंग नहीं कराई जा रही है और न ही मच्छरों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं होने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और ग्रामीण लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सतीश प्रेमी और तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन ने तत्काल उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम प्रियंका गोयल से मुलाकात की। उन्होंने गांव की स्थिति से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा और तत्काल स्वास्थ्य टीमों को गांव भेजने, व्यापक स्तर पर फॉगिंग कराने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से गांव में स्वास्थ्य शिविर लगवाने और डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत और जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद प्रशासन की ओर से क्या प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।

इस दौरान तहसील बार एसोसिएशन अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, अधिवक्ता मो. जावेद, संजीव कुमार पाल, कपिलदेव, कुलदीप यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालयों में 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में।

शाहजहांपुर के परिषदीय विद्यालयों में 12,804 विद्यार्थी सी, डी और ई ग्रेड में। मुबारक अली, …