Breaking News

जरीफनगर: खेत में बाजरा समेट रहे पिता-पुत्रों पर हमला, तीन घायल।

लाठी-डंडे और भाले से हमला करने का आरोप, परिजनों ने फायरिंग की भी कही बात; पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार।

प्रधान संपादक, रवि कुमार शाक्य

जरीफनगर (बदायूं)। थाना क्षेत्र में सिलहरी-मदारपुर मार्ग के बीच मंगलवार दोपहर खेत में बाजरे की बालियां समेट रहे पिता और उसके दो बेटों पर कई लोगों ने हमला कर दिया। परिजनों ने हमलावरों पर लाठी-डंडे, भाले और तमंचों से लैस होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना में तीनों घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे राम रहीस अपने बेटे पुष्पेंद्र (30) और हर्वेन्द्र (19) के साथ खेत में बाजरे की बालियां इकट्ठा कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान चंदनपुर और रसूलपुर गांव के करीब 20 लोग खेत पर पहुंच गए और तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में राम रहीस और उनके दोनों बेटे घायल हो गए।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान फायरिंग भी की। घायलों को पहले दहगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने घटना के दौरान फायरिंग होने से इनकार किया है।

जरीफनगर के प्रभारी निरीक्षक बाबूराम गौतम के अनुसार, मामला पुराना भूमि विवाद बताया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। पुलिस के मुताबिक दूसरे पक्ष की ओर से पूर्व में सहसवान कोतवाली में राम रहीस और उनके पुत्रों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

पुलिस का कहना है कि इसी विवाद से जुड़े घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फायरिंग के आरोपों की भी जांच होगी। मामले में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

एसआईआर के विरोध में सपा का प्रदर्शन, भाजपा का झंडा जलाया; महंगाई के विरोध में फोड़े मटके।

जलता पुतला छीना तो सपा कार्यकर्ताओं ने फिर फूंका। संवाददाता, मोहम्मद वसीम  बरेली। एसआईआर के …