Breaking News

बहेड़ी से पहाड़ तक नशे के नेटवर्क का खुलासा, 150 इंजेक्शन के साथ सद्दाम गिरफ्तार।

मोबाइल चैट और कॉल डिटेल से मिले सुराग, तीन जिलों में दबिश देकर छह आरोपी गिरफ्तार।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उत्तराखंड की पुलभट्टा थाना पुलिस ने बहेड़ी निवासी एक युवक को 150 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये भी बरामद हुए हैं। मोबाइल फोन की जांच के दौरान मिली चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड के तीन जिलों में दबिश देकर छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इस्लाम नगर निवासी सद्दाम हुसैन को बहेड़ी-ऊधम सिंह नगर सीमा पर स्विफ्ट डिजायर कार से पकड़ा गया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 150 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद किए गए। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच शुरू की।

पुलिस का दावा है कि मोबाइल में मिली चैट और कॉल डिटेल से बहेड़ी से उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों तक नशे की कथित सप्लाई के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा के अक्षय, पीयूष और यशोदा टम्टा, हल्द्वानी निवासी सौरभ, पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता और झूलाघाट निवासी रवि थापा शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में आरोपियों के बहेड़ी से नशे की खेप लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में सप्लाई करने की जानकारी सामने आई है। कुछ आरोपियों के बसों के जरिए बहेड़ी पहुंचकर नशे की खेप ले जाने की बात भी पुलिस ने बताई है।

सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

तीन जिलों में कार्रवाई कर छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब कथित सप्लायरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार सद्दाम के मोबाइल से मिले संपर्कों और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में साक्ष्य मिलने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

सर्वा गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, 75 बुखार पीड़ितों की जांच।

सर्वा गांव में पहुंची स्वास्थ्य टीम, 75 बुखार पीड़ितों की जांच। बदायूं। तहसील बिसौली के …