Breaking News

फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता।

निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं : डीएम।

बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने शनिवार को तहसील बिल्सी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आमजन की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समाधान दिवस में ग्राम खौसारा निवासी जोगेंद्र पुत्र नौबत ने शिकायत की कि गाटा संख्या 57 में सरकारी चकमार्ग पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। डीएम ने राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को चकमार्ग की पैमाइश कर सीमांकन कराने तथा अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।

ग्राम करियामई निवासी विकास कुमार ने विद्युत विभाग द्वारा अधिक धनराशि का बिल भेजे जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिलाधिकारी ने एसडीओ को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम खेरवारा निवासी हरि सिंह ने चकमार्ग पर कब्जे की शिकायत की। डीएम ने राजस्व निरीक्षक को चकमार्ग को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान कराया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराई जाए।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 45, पुलिस की 12, समाज कल्याण विभाग की दो तथा नगर पालिका से संबंधित चार समेत कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य, तहसीलदार बिल्सी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने गंजडुंडवारा सीएचसी का किया निरीक्षण।

व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर जताई प्रसन्नता, महिला और नवजात मरीजों की बेहतर देखभाल के दिए …