Breaking News

भाकियू टिकैत तराई क्षेत्र ने एसडीएम से की वार्ता, डीएम और जिला गन्ना अधिकारी को बुलाने की मांग।

गन्ना भुगतान को लेकर 12 अक्टूबर को तहसील में धरना।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बहेड़ी, बरेली। पिछले दो सत्रों के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का आक्रोश अब आंदोलन की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। भारतीय किसान यूनियन टिकैत तराई क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान एसडीएम बहेड़ी से मुलाकात कर किसानों के बकाया गन्ना भुगतान, चीनी मिल की बिक्री और नए खरीदार की ओर से दिए गए चेक समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान के निर्देश पर संगठन ने 12 अक्टूबर, सोमवार को तहसील परिसर में बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। भाकियू ने धरने में जिलाधिकारी और जिला गन्ना अधिकारी की मौजूदगी की भी मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दो सत्रों का गन्ना भुगतान लंबित होने के कारण किसानों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई है। वहीं चीनी मिल की बिक्री और नए खरीदार की ओर से दिए गए चेक को लेकर भी किसानों में असमंजस बना हुआ है। संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करने के साथ किसानों के बकाये का जल्द भुगतान कराने की मांग की।

प्रदेश मीडिया प्रभारी चौधरी अजीत सिंह के नेतृत्व में हुई वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता चौधरी सुरेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगेश पाल सिंह, प्रदेश महासचिव चौधरी प्रदीप सिंह, युवा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वंश चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री चौधरी सूरज पाल सिंह, कांता प्रसाद गंगवार, अंबा प्रसाद मौर्य, नंदराम गुर्जर, अपूर्व सिंह, अजय पाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष चौधरी अमरपाल सिंह, महाराणा सिंह, गुरविंदर सिंह, मोहम्मद सलीम, रिजवान, गजेंद्र सिंह, सरदार गुरमुख सिंह, प्रेमपाल मौर्य, विजयवीर सिंह, संदीप सिंह और रिंकू सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

आठ साल से जारी आंखों की रोशनी लौटाने की मुहिम, बहेड़ी में 200 मरीजों की जांच।

65 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, दवा से लेकर अस्पताल आने-जाने और भोजन …