Breaking News

शाहजहांपुर: छात्राओं को पॉक्सो कानून और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी।

छात्राओं को पॉक्सो कानून और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को जीएफ पीजी कॉलेज में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों, दंडात्मक व्यवस्था और इससे जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पांडेय के निर्देश पर आयोजित हुआ। अध्यक्षता मोटर दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रिजवान अहमद ने की।

रिजवान अहमद ने छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि अनुचित व्यवहार, अश्लील सामग्री दिखाने, पीछा करने अथवा यौन उत्पीड़न के प्रयास जैसी किसी भी स्थिति में चुप न रहें और तत्काल अपने अभिभावकों, पुलिस अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नरेंद्र कुमार तृतीय ने पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं और कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की पहचान करने तथा असहज स्थिति उत्पन्न होने पर सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।

सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट संख्या-18 वृषाली गुप्ता ने कहा कि कानून के प्रति जागरूकता से बच्चों और किशोरियों को अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है तथा अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलती है। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को भी कानूनी अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

पीएलवी अनिल कुमार वर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, स्थायी लोक अदालत और टोल फ्री नंबर 18001805235 के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर जीएफ कॉलेज के प्राचार्य मोहसिन हसन खान ने अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन डॉ. मसूर अहमद सिद्दीकी ने किया।

इस अवसर पर डॉ. रईस अहमद, एनसीसी, एनएसएस एवं स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं, अध्यापक-अध्यापिकाएं, कॉलेज स्टाफ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी सैनिक पांडेय, योगेश और नेत्रपाल मौजूद रहे।

Spread the love

Check Also

सहसवान में बिजली चोरी का खुलासा, बिना मीटर ई-रिक्शा चार्ज करते मिले।

सहसवान में बिजली चोरी का खुलासा, बिना मीटर ई-रिक्शा चार्ज करते मिले। प्रधान संपादक, रवि …