Breaking News

शाहजहांपुर: रेडक्रॉस के जनजागरूकता अभियान में बोले विशेषज्ञ: ‘आरोग्य जीवन का आधार है योग और आयुर्वेद’

रेडक्रॉस के जनजागरूकता अभियान में बोले विशेषज्ञ: ‘आरोग्य जीवन का आधार है योग और आयुर्वेद’

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित सप्ताहव्यापी जनजागरूकता अभियान के दूसरे दिन योग और आयुर्वेद के माध्यम से निरोगी जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर स्थित रेडक्रॉस भवन में आयोजित संगोष्ठी में चिकित्सा विशेषज्ञों ने दैनिक दिनचर्या में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को समाहित करने पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक एवं योग गुरु डॉ. अवधेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि आयुर्वेद का मूल उद्देश्य न केवल रोगों का इलाज करना है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति के आरोग्य की निरंतर रक्षा करना भी है। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त निद्रा, व्यक्तिगत स्वच्छता और सकारात्मक दृष्टिकोण को अपनाकर मनुष्य अनेक गंभीर बीमारियों से बच सकता है। तनावमुक्ति और शारीरिक-मानसिक संतुलन के लिए उन्होंने प्राणायाम, योग और ध्यान को अत्यंत प्रभावी बताया।

डॉ. त्रिपाठी ने आमजन से अपील की कि वे भ्रामक और अप्रमाणित इलाज के चक्कर में न पड़ें तथा किसी भी आयुर्वेदिक अथवा पारंपरिक औषधि का सेवन हमेशा पंजीकृत चिकित्सक की देखरेख में ही करें।

संगोष्ठी के दौरान डॉ. त्रिपाठी ने रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1988 में आयुर्वेद के लिए पृथक मंत्रालय के गठन और व्यापक सामाजिक पहचान की मांग को लेकर डॉ. जौहरी ने छात्रों के साथ झांसी से दिल्ली तक 20 दिनों की कठिन पदयात्रा की थी। उनका यह प्रयास आज भी आयुर्वेद के प्रति उनके अटूट समर्पण का प्रमाण है।

क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी कार्यालय के नोडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव सिंह ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संतुलित खान-पान, समय पर विश्राम और नियमित योग ही स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र हैं।

इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के डॉ. राजेंद्र कुशवाहा, स्वास्थ्य विभाग के योग प्रशिक्षक गुरु मृदुल गुप्ता, अवनीश सक्सेना, मुरारीलाल दीक्षित, बृजेश गुप्ता और राजीव शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने सभी उपस्थित अतिथियों व चिकित्सकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

 

 

Spread the love

Check Also

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश। …