Breaking News

बिजली संकट पर बिफरे किसान: भाकियू शिवपाल ने एक्सईएन कार्यालय घेरा, आंदोलन की चेतावनी।

बिजली संकट पर बिफरे किसान: भाकियू शिवपाल ने एक्सईएन कार्यालय घेरा, आंदोलन की चेतावनी।

संवाददाता, आनंद पाण्डेय 

जसराना, (फिरोजाबाद)। क्षेत्र में गहराते बिजली संकट और अनियमित कटौती से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल) के बैनर तले एक्सईएन जसराना कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। धरना-प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे संगठन के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज यादव ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और समस्याओं के जल्द निस्तारण की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नेता नीरज यादव ने कहा कि क्षेत्र का किसान पर्याप्त बिजली न मिलने से बेहद परेशान है। समय पर बिजली आपूर्ति न होने से फसलों की समय से सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे फसलों में बीमारियां फैल रही हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अघोषित कटौती का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर पड़ रहा है।

नीरज यादव ने हुंकार भरते हुए चेतावनी दी कि किसान अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ना अच्छी तरह जानता है। यदि बिजली व्यवस्था में तुरंत सुधार नहीं किया गया, तो संगठन किसानों के हित में बड़ा महाआंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

आश्वासन के बाद स्थगित हुआ धरना

किसानों के कड़े रुख को देखते हुए एक्सईएन जसराना ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं और जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति में सुधार कराने का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारी के आश्वासन के बाद किसान नेता नीरज यादव ने धरने को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की, जिसके बाद मौजूद किसानों ने राहत की सांस ली।

इस अवसर पर भाकियू (शिवपाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज यादव, अशोक यादव, अभिषेक यादव, राकेश यादव, श्रवण भदौरिया सहित भारी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने दोहराया कि किसानों के हक, सिंचाई और बिजली की लड़ाई आगे भी प्रमुखता से लड़ी जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश।

पीएम सूर्य घर योजना: बदायूँ में सीडीओ ने की प्रगति की समीक्षा, दिए कड़े निर्देश। …