Breaking News

सहसवान: सात विद्यालयों में SDM शौर्य अरोड़ा का औचक निरीक्षण, चार शिक्षक मिले अनुपस्थित—नोटिस जारी।

सहसवान: सात विद्यालयों में SDM शौर्य अरोड़ा का औचक निरीक्षण, चार शिक्षक मिले अनुपस्थित—नोटिस जारी।

सहसवान, बदायूं। प्रशासनिक व्यवस्था और शिक्षण कार्य में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से क्षेत्र में औचक निरीक्षण का दौर जारी है। इसी कड़ी में उपजिलाधिकारी शौर्य अरोड़ा ने सुबह के समय विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों का औचक मुआयना किया, जिससे शिक्षकों और कर्मियों में खलबली मच गई।

जॉइंट मजिस्ट्रेट ने आज सुबह करीब सवा आठ बजे से लेकर पौने दस बजे के बीच हरदत्तपुर, गढ़ौलिया पट्टी तासौल, रसूलपुर वेला, सिठौलिया पुख्ता, धापड़ और कमनपुर वेला के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब विद्यालयों की उपस्थिति पंजिकाओं की जांच की गई, तो कुल चार लोग नदारद मिले। इनमें एक अनुदेशक और तीन शिक्षामित्र शामिल हैं, जो अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए चारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी ने केवल उपस्थिति ही नहीं जांची, बल्कि विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता का भी बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर की साफ-सफाई, शौचालयों के संचालन व उनकी स्वच्छता, पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के भी पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी।

मौके पर मौजूद प्रधानाध्यापकों और अन्य अध्यापकों को कड़े निर्देश देते हुए उपजिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण व्यवस्था और बच्चों की सुविधाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से लापरवाह कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है और विद्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद बंध रही है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में सजी स्टूडेंट काउंसिल; नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ।

ए.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में सजी स्टूडेंट काउंसिल; नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ। उझानी, बदायूं: …