Breaking News

शाहजहांपुर: डॉक्टर के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही शुरू होगी अल्ट्रासाउंड मशीन।

डॉक्टर के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही शुरू होगी अल्ट्रासाउंड मशीन।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर चिकित्सक की गैरमौजूदगी में जांच किए जाने और भ्रूण लिंग परीक्षण जैसी शिकायतों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर जनपद में ऐसी तकनीकी व्यवस्था लागू करने की तैयारी की गई है, जिसके तहत पंजीकृत चिकित्सक की बायोमेट्रिक पहचान के बाद ही अल्ट्रासाउंड मशीन संचालित हो सकेगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सदर बाजार स्थित चौधरी डायग्नोस्टिक सेंटर का निरीक्षण कर नई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी प्रणाली के संचालन और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली।

प्रशासन के अनुसार मशीन को संचालित करने के लिए संबंधित पंजीकृत चिकित्सक का फिंगरप्रिंट सत्यापन जरूरी होगा। चिकित्सक की अनुपस्थिति में मशीन चालू नहीं की जा सकेगी। इसके साथ ही मशीन के संचालन से संबंधित रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा। इससे किसी जांच को लेकर शिकायत सामने आने पर संबंधित रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन किया जा सकेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि नई तकनीक के माध्यम से अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अनधिकृत संचालन पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही भ्रूण लिंग जांच जैसी गैरकानूनी गतिविधियों की निगरानी भी मजबूत होगी। व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से जिले के अन्य अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर भी लागू किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बायोमेट्रिक व्यवस्था से अल्ट्रासाउंड केंद्रों की निगरानी पहले की अपेक्षा अधिक प्रभावी हो सकेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले केंद्रों अथवा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …